यामी गौतम के साथ लव सीन्स देख असुरक्षित हो गईं थीं आयुष्माना खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप

आयुष्मान खुराना आज के दौर में हिट की गैरन्टी बने हुए हैं। वह ऐसे ऐक्टर हैं जिन्होंने करियर की शुरुआत ही हटकर फिल्म से की थी। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म ‘विकी डोनर’ में लव सीन्स भी दिए थे, जिसे लेकर अब ऐक्टर की पत्नी ताहिरा कश्यप ने फीलिंग्स जाहिर की है।

राइटर, फिल्ममेकर और कैंसर से जंग जीत चुकीं ताहिरा कश्यप का कहना है कि वह फिल्मों में अपने पति आयुष्मान खुराना के अंतरंग दृश्यों को देख कर असुरक्षित महसूस करती थी, लेकिन अब उन्होंने इस एहसास से उबरना सीख लिया है।

ताहिरा ने इस बात को कबूला कि जब उन्होंने ‘विकी डोनर’ में आयुष्मान और यामी गौतम के बीच अंतरंग दृश्य को देखा था तब उन्हें असुरक्षा की भावना ने घेर लिया था। ताहिरा ने कहा, ‘हां, पहले मैं असुरक्षित महसूस करती थी, लेकिन जब मैं ‘अंधाधुन’ के एडिट्स या संपादन को देख रही थी, तब मैंने टीम को बताया कि आयुष्मान और राधिका आप्टे के बीच अंतरंग दृश्य में कुछ कमी है। उस पल एक असुरक्षित पत्नी से लेकर अंतरंग दृश्यों के विश्लेषण करने तक के इस बदलाव को मैंने महसूस किया।’

अपनी खुद की पहचान के बारे में ताहिरा ने कहा, ‘मैं आयुष्मान को 18 सालों से जानती हूं और आयुष्मान की पत्नी कहे जाने पर मुझे गर्व महसूस होता है। जहां तक बात मेरे खुद की पहचान की है, तो दुनिया मेरी आत्मस्वीकृति के संदेश के प्रति वाकई में ग्रहणशील रही है। मैं जो हूं, मेरी खुद की उपस्थिति, राय और अस्तित्व को लोगों ने स्वीकारना शुरू कर दिया है।’

Source: Bollywood

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *